विश्व आईवीएफ दिवस: यथार्थ हॉस्पिटल ने तोड़ी निसंतानता से जुड़ी भ्रांतियां, आईवीएफ से माता-पिता बने परिवारों ने साझा की प्रेरक कहानी
नोएडा एक्सटेंशन, 25 जुलाई। निसंतानता किसी सामाजिक झिझक या शर्म का विषय नहीं, बल्कि एक चिकित्सकीय स्थिति है, जिसका समय पर और वैज्ञानिक तरीके से उपचार संभव है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विश्व आईवीएफ दिवस के अवसर पर यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, नोएडा एक्सटेंशन में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईवीएफ की सहायता से माता-पिता बने कई परिवार अपने बच्चों के साथ शामिल हुए और संघर्ष से खुशियों तक की अपनी भावुक यात्रा साझा की।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में दंपति सामाजिक भ्रांतियों, झिझक और जानकारी के अभाव के कारण समय पर विशेषज्ञ से परामर्श नहीं ले पाते, जिससे उपचार की सफलता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि निसंतानता को छिपाने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से सलाह लें।
यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, नोएडा एक्सटेंशन की एचओडी एवं सीनियर कंसल्टेंट (आईवीएफ एवं इंफर्टिलिटी) डॉ. अमरीन सिंह ने कहा कि आईवीएफ केवल एक उपचार नहीं, बल्कि पूरी तैयारी की प्रक्रिया है। बेहतर परिणाम के लिए दंपतियों का शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार होना आवश्यक है। यदि किसी को थायरॉयड, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या एनीमिया जैसी समस्या है तो पहले उसका उचित उपचार कराया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि डॉक्टर द्वारा सुझाई गई सभी जांच समय पर कराना बेहद जरूरी है, क्योंकि छोटी-सी स्वास्थ्य समस्या भी आईवीएफ के परिणाम को प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने कहा कि 35 वर्ष से कम आयु की महिलाओं को यदि नियमित प्रयास के एक वर्ष बाद भी गर्भधारण नहीं होता और 35 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को छह माह के प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिलती, तो उन्हें फर्टिलिटी विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने फोलिक एसिड, विटामिन-डी और को-एंजाइम क्यू-10 जैसे सप्लीमेंट डॉक्टर की सलाह पर लेने, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, स्वस्थ वजन बनाए रखने तथा धूम्रपान व शराब से दूर रहने की भी सलाह दी।
यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के सीओओ डॉ. प्रह्लाद अग्रवाल ने कहा कि निसंतानता को सामाजिक नजरिए से नहीं, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्या के रूप में देखा जाना चाहिए। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान और आईवीएफ जैसी तकनीकों ने लाखों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। सही समय पर विशेषज्ञ की सलाह और वैज्ञानिक उपचार से अनेक दंपतियों का माता-पिता बनने का सपना साकार हो सकता है।
कार्यक्रम में शामिल परिवारों ने बताया कि वर्षों तक संतान न होने के कारण उन्हें मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। लेकिन समय पर विशेषज्ञों से परामर्श और आधुनिक उपचार की मदद से आज उनका परिवार खुशियों से भर गया है। उनके अनुभव अन्य दंपतियों के लिए प्रेरणा बने और यह संदेश दिया कि निसंतानता को छिपाने के बजाय समय रहते उपचार कराना ही सबसे बड़ा कदम है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 स्थित यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल 450 बेड वाला अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है, जो नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञों और मरीज-केंद्रित सेवाओं के कारण यह अस्पताल क्षेत्र के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल है।
