वर्टेक्स पब्लिक स्कूल में निःशुल्क डेंटल हेल्थ कैंप, बच्चों को सिखाए स्वस्थ दांतों के गुर
ग्रेटर नोएडा। विद्यार्थियों में दंत स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वर्टेक्स पब्लिक स्कूल, खानपुर में निःशुल्क डेंटल हेल्थ चेक-अप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में आईटीएस डेंटल कॉलेज के वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. मनीष भाटी एवं उनकी विशेषज्ञ टीम ने विद्यार्थियों के दांतों की जांच कर उन्हें उचित देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
डॉक्टरों ने बच्चों को दिन में दो बार सही तरीके से ब्रश करने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा दांतों से जुड़ी बीमारियों से बचाव के उपाय सरल भाषा में समझाए। इस दौरान विद्यार्थियों ने दंत स्वास्थ्य से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया।
विद्यालय के प्रबंधक नितेश कुमार उपाध्याय ने आईटीएस डेंटल कॉलेज की टीम का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में अच्छी आदतों के विकास और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा सिंह ने चिकित्सक दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित दंत परीक्षण से बच्चों में दांतों की समस्याओं की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो पाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से दंत स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रबंधक नितेश कुमार उपाध्याय ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए डॉ. मनीष भाटी एवं उनकी टीम को पौधे भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के साथ स्वच्छ और हरित पर्यावरण भी समाज के लिए समान रूप से आवश्यक है। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
