IBI में “Catalyst 2026” का आगाज़, साइना नेहवाल ने सफलता का दिया मंत्र
50 दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम शुरू, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता पर रहा जोर
ग्रेटर नोएडा, 22 जुलाई। I Business Institute (IBI) में बुधवार को 50 दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘Catalyst 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। पारंपरिक दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व नंबर-1 बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
साइना नेहवाल ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत ही हर मंजिल तक पहुंचने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे बड़े सपने देखें, लेकिन उन्हें साकार करने के लिए प्रतिदिन खुद को बेहतर बनाने का संकल्प भी लें। उन्होंने अपने खेल जीवन के संघर्ष, असफलताओं और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए युवाओं को चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने कहा कि युवा भारत के बच्चों को चैंपियंस से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर एवं परफॉर्मेंस कोच हिम-ईश मदान ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, प्रभावी व्यक्तित्व, संचार कौशल और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रेरक सत्र दिया। वहीं गुंजन मिश्रा, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट–पीपल एंड बिजनेस ऑपरेशंस, Fluxx Events तथा डॉ. दीपक सिंह, चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर–India & MENA, Protiviti ने कॉर्पोरेट जगत की अपेक्षाओं, नेतृत्व क्षमता और करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्थान के अनुसार, Catalyst 2026 के तहत अगले 50 दिनों तक विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल और नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
