“एक पेड़ माता-पिता के नाम” अभियान: सर्वोदय ममता फाउंडेशन ने लगाए 100 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
ग्रेटर नोएडा। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से सर्वोदय ममता फाउंडेशन (रजि.), ग्रेटर नोएडा ने “एक पेड़ माता-पिता के नाम” अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। अभियान की शुरुआत रामलाल वृद्ध आश्रम, ग्रेटर नोएडा से हुई, जिसके अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर लगभग 100 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों, महिलाओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान आम, नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन और जामुन सहित विभिन्न छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया गया। संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करना है।
संस्था की अध्यक्ष ममता जैन एवं प्रमोद जैन ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे अनमोल धरोहर हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महर्षि भूगु पीठाधीश्वर पूज्य महामंडलेश्वर गोस्वामी सुशील जी महाराज (अखिल भारतीय संयोजक, सर्वधर्म संसद) ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सेवा है। उन्होंने सर्वोदय ममता फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था का लक्ष्य पौधे लगाकर औपचारिकता निभाना नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना है। उन्होंने बताया कि संस्था पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गौ सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्रों में भी लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था की ओर से अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले संदीप जैन, अंजलि जैन, दीपक जैन, प्रशांत जैन और सुनील जैन सहित सभी स्वयंसेवकों एवं रामलाल वृद्ध आश्रम के सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही प्रत्येक परिवार से वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई।
संस्था का मानना है कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। इसी उद्देश्य के साथ अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को हरियाली बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
संपर्क:
सर्वोदय ममता फाउंडेशन (रजि.), ग्रेटर नोएडा
ममता जैन: 9313708444
प्रमोद जैन: 9810646265
