ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समस्याओं पर जीबीएनवीएस ने प्राधिकरण को सौंपा ज्ञापन
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध नगर विकास समिति (जीबीएनवीएस) ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (जीएनआईडीए) के महाप्रबंधक ए.के. सिंह और उप महाप्रबंधक संदीप चंद्रा से मुलाकात कर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई। समिति ने इस संबंध में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
समिति ने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाकर सुनियोजित वेंडर जोन विकसित करने, हाईराइज सोसाइटियों का स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराने, हिंडन नदी में एसटीपी एवं अन्य अपशिष्ट जल के अनियंत्रित प्रवाह पर रोक लगाने, गौर चौक और परथला चौक की यातायात व्यवस्था सुधारने, प्रदूषण के दौरान उपचारित जल का नियमित छिड़काव कराने तथा सेवियर ग्रीनआर्क के सामने दुर्घटना संभावित सड़क का पुनः डिजाइन कराने की मांग की।
इसके अलावा ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सरकारी अस्पताल, खेल स्टेडियम और कम्युनिटी हॉल की स्थापना, ग्रीन बेल्ट का बेहतर रखरखाव, केपी-5 (6 प्रतिशत) क्षेत्र में जलापूर्ति, तुस्याना के 6 प्रतिशत आबादी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने और वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की मांग भी रखी गई। समिति ने कहा कि कई स्थानों पर खुले में कूड़ा डंप होने से प्रदूषण और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, इसलिए नियमित कूड़ा संग्रहण और वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान जीबीएनवीएस के महासचिव आदित्य अवस्थी ने अमरपाली गोल्फ होम्स के निवासियों की समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। उन्होंने सोसाइटी में गंगा जलापूर्ति शुरू करने, सामने स्थित खुले नाले को ढकने, नया यू-टर्न बनाने और बस स्टॉप स्थापित करने की मांग की।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि अगले तीन से चार महीनों में अमरपाली गोल्फ होम्स में गंगा जलापूर्ति शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही वर्तमान जलापूर्ति बढ़ाने, खुले नाले को ढकने, यू-टर्न और बस स्टॉप निर्माण के प्रस्तावों पर भी प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जीबीएनवीएस की अध्यक्ष रश्मि पांडेय ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आबादी तेजी से बढ़ रही है, इसलिए नागरिक सुविधाओं का विस्तार भी उसी गति से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि समिति क्षेत्रवासियों की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को लगातार प्राधिकरण के समक्ष उठाती रहेगी और सभी आश्वासनों के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए प्रयास करेगी। बैठक में समिति की ओर से अध्यक्ष रश्मि पांडेय, महासचिव आदित्य अवस्थी और अरुण सारस्वत उपस्थित रहे।
