“शी स्पीक्स, शी स्पार्क्स” में गूंजा महिला सशक्तिकरण का संदेश, जीएनआईओटी में शिक्षिकाओं ने दिखाई नेतृत्व क्षमता
ग्रेटर नोएडा, 15 जुलाई। ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (GNIOT) की विमेन इन साइंस एंड इंजीनियरिंग (WISE) सोसायटी की ओर से महिला संकाय सदस्यों के लिए ‘शी स्पीक्स, शी स्पार्क्स’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत वाईज़ सोसायटी की अध्यक्ष एवं विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सीमा अरोड़ा के प्रेरक संबोधन से हुई। उन्होंने सोसायटी की गतिविधियों और महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और प्रभावी नेतृत्वकर्ता बनने का संदेश दिया।
आयोजन के दौरान महिला शिक्षिकाओं ने प्रेरक वक्तृत्व सत्रों, टीम-बिल्डिंग गतिविधियों, रोचक चुनौतियों और मनोरंजक खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों के उत्साह और सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) धीरज गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के लिए ऐसे मंच उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।
कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) एस.पी.एस. चौहान, प्रो. (डॉ.) विजय शुक्ला, डॉ. मोहित गुप्ता, प्रो. (डॉ.) संजय पचौरी, डॉ. अरुण, गगन वार्ष्णेय, डॉ. शिप्रा, सुश्री संघाती, सुश्री नीतिका सक्सेना, डॉ. गंभीर सिंह और डॉ. इशरत अली सहित संस्थान के वरिष्ठ शिक्षकों की उपस्थिति रही।
समापन अवसर पर वाईज़ सोसायटी की उपाध्यक्ष डॉ. मोनिका दीक्षित ने सभी अतिथियों, संस्थान प्रबंधन, आयोजन समिति और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब महिलाएं आत्मविश्वास के साथ अपनी आवाज़ बुलंद करती हैं, तो वे केवल स्वयं नहीं, बल्कि पूरे समाज को प्रेरित करती हैं। महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व और आत्मविश्वास को समर्पित यह आयोजन प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ।
