भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में भाकियू (कृषक) का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
ग्रेटर नोएडा। भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (कृषक) के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। संगठन ने आरोप लगाया कि यह प्रस्तावित समझौता देश के किसानों के हितों के खिलाफ है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक प्रताप नागर के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने कहा कि प्रस्तावित ट्रेड डील भारतीय कृषि व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगी। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि यह समझौता किसानों के लिए “डेथ वारंट” साबित होगा। उनका आरोप था कि भारत में किसानों को लगभग 3 प्रतिशत सब्सिडी मिलती है, जबकि अमेरिका में किसानों को करीब 70 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है। ऐसे में यदि यह समझौता लागू हुआ तो भारतीय किसान प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाएंगे और उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ेगा।
कृष्ण नागर ने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों के हितों की रक्षा करते हुए इस प्रस्तावित ट्रेड डील को स्वीकार नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि देशभर के जिला मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं और यदि सरकार ने किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो जल्द ही दिल्ली में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रताप नागर, ऋषिपाल कसाना, सतपाल नागर, हरेंद्र नागर, एडवोकेट जीतू गुर्जर, एडवोकेट कपिल कसाना, सरजीत नागर, रविंद्र भाटी, मनोज, जितेंद्र नागर, प्रमोद तोगड़, मनीष शर्मा, भगत भाटी, सुंदर सिंह पायला सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
