XU-3 सेक्टर के महासचिव अजय कुमार वर्मा ने जर्जर सड़क का मुद्दा उठाया, सीईओ से तत्काल पुनर्निर्माण की मांग
डाढ़ा गोलचक्कर जाने वाले मुख्य मार्ग पर गहरे गड्ढों से हादसे का खतरा, बारिश में बढ़ी परेशानी
ग्रेटर नोएडा। आरडब्ल्यूए सी-ब्लॉक, सेक्टर XU-3 के महासचिव अजय कुमार वर्मा ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार को पत्र भेजकर सेक्टर XU-3 से डाढ़ा गोलचक्कर जाने वाली मुख्य सड़क की तत्काल मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
अपने पत्र में अजय कुमार वर्मा ने बताया कि उक्त मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे और खतरनाक गड्ढे बन चुके हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी प्राधिकरण को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लगातार बढ़ते यातायात और बारिश के कारण सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों के लिए इस मार्ग से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है।
अजय कुमार वर्मा ने पत्र में कहा कि यह मार्ग सेक्टर XU-3 सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। यदि जल्द ही सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़क की विशेष मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण के निर्देश जारी करने की मांग की है।
