आईबीए (IBA) की बैठक में उद्योगों की समस्याओं पर मंथन, डीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
-उद्योगों की समस्याओं पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
-इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के साथ बैठक में बिजली, पानी, सड़क, ड्रेनेज और जीएसटी से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
गौतमबुद्धनगर। जनपद के औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अनियोजित बिजली कटौती, जल कनेक्शन एवं जलापूर्ति, पानी के बिलों का निस्तारण, जलभराव, ड्रेनेज व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण, जीएसटी एवं सीजीएसटी नोटिसों से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों सहित विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। साथ ही संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने की भी मांग की गई।
जिलाधिकारी ने सभी मुद्दों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कहा कि जनपद में उद्योगों के लिए बेहतर और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का समयबद्ध, प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का चिन्हांकन करने और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान होने से औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी, निवेश बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
