हिट एंड रन मामले का खुलासा: तीन मजदूरों की मौत के आरोपी स्कॉर्पियो चालक को पुलिस ने दबोचा
ग्रेटर नोएडा (जेवर)। जेवर क्षेत्र में सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन युवकों की दर्दनाक मौत के मामले में थाना जेवर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के आरोपी स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की रात जेवर-खुर्जा मार्ग पर नीमका गांव के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन युवकों को टक्कर मार दी थी। हादसे में करन (22), विश्वजीत (24) और मिथुन (25), निवासी जिला अररिया (बिहार), की मौके पर ही मौत हो गई थी। तीनों रोजगार के सिलसिले में क्षेत्र में रह रहे थे।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों की तहरीर पर थाना जेवर में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार को आरोपी दीपांशु (32) पुत्र राम कुमार, निवासी ग्राम दस्तमपुर, थाना जेवर, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हादसे में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन नंबर UP16FJ8000) भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ थाना जेवर में मु.अ.सं. 243/2026 के तहत धारा 281 एवं 106(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
