राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस की ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’, न्यायिक जांच की मांग
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में निकाली पदयात्रा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
ग्रेटर नोएडा। जिला कांग्रेस कमेटी, गौतम बुद्ध नगर के तत्वावधान में मंगलवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या में कथित वित्तीय अनियमितताओं और चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली गई। पदयात्रा सुपरटेक इको विलेज-1 से शुरू होकर पंचमुखी हनुमान मंदिर, ग्रेटर नोएडा वेस्ट पर समाप्त हुई। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
पदयात्रा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं और यदि मंदिर के वित्तीय प्रबंधन को लेकर कोई आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर वित्तीय अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर चारों पीठों के शंकराचार्यों और मंदिर के पुजारियों को प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपने की मांग भी उठाई।
दीपक भाटी ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आस्था के नाम पर राजनीति करने के बजाय मंदिरों के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से भी सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता के पक्ष में स्पष्ट रुख अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी धर्म या मंदिर के विरोध में नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और अपारदर्शिता के खिलाफ आवाज उठा रही है। उनका कहना था कि श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया प्रत्येक रुपया पारदर्शी तरीके से मंदिर व्यवस्था और जनकल्याण के कार्यों में खर्च होना चाहिए।
इस अवसर पर मुकेश शर्मा, दुष्यंत नागर, महाराज सिंह, गौतम अवाना, नीरज लोहिया, हरेन्द्र शर्मा, कपिल भाटी, श्रुति कुमारी, सुरेंद्र प्रताप, रमा नय्यर, पुनीत मावी, देवेश चौधरी, विजय नागर, सुबोध भट्ट, अरुण भाटी, अरविन्द रेक्सवाल, बिन्नू भाटी, रमेश बाल्मीकि, ओमकार राणा, नितीश चौधरी, रूपेश भाटी, मनोज कुमार, सचिन, नरेश मुखिया, जातां सिन्हा, मुन्ना, गजन प्रधान, ओमप्रकाश दीक्षित, आलोक जैन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
