संपूर्ण समाधान दिवस में 171 शिकायतें पहुंचीं, 13 का मौके पर निस्तारण; डीएम ने दिए गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश
ग्रेटर नोएडा, 6 जुलाई। जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 171 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए सौंपा गया।
तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। यहां 17 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से पांच का तत्काल निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों का सत्यापन करें और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों का भी शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सदर तहसील में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, एसीपी ग्रेटर नोएडा-III डॉ. रवि शंकर मिश्र, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, तहसीलदार अजय कुमार, नायब तहसीलदार ज्योत्सना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, तहसील जेवर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। जबकि तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा की अध्यक्षता में 82 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से छह शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया।
प्रशासन ने सभी लंबित शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया।
