उद्योगों की समस्याओं के समाधान को आईआईए का मंथन, श्रम आयुक्त और ESIC आयुक्त के समक्ष रखीं प्रमुख मांगें
ग्रेटर नोएडा, 6 जुलाई। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ग्रेटर नोएडा चैप्टर की 34वीं “मंथन एवं ओरिएंटेशन संगोष्ठी” सोमवार को रॉयल हैबिटेट सेंटर में आयोजित हुई। संगोष्ठी में नवगठित कार्यकारिणी का परिचय कराया गया और उद्योगों के सामने मौजूद चुनौतियों, श्रमिक कल्याण, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चैप्टर चेयरमैन सरबजीत सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि अपर श्रम आयुक्त राकेश द्विवेदी एवं विशिष्ट अतिथि ईएसआईसी के बीमा आयुक्त प्रणय सिन्हा रहे। इस दौरान जीआईएमएस एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर के साथ औद्योगिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर भी विशेष विचार-विमर्श हुआ।
अपने संबोधन में सरबजीत सिंह ने कहा कि वर्ष 2026-27 में आईआईए उद्योगों की समस्याओं के समाधान, प्रशासन के साथ सकारात्मक समन्वय, सदस्य सेवाओं के विस्तार और औद्योगिक विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
संगोष्ठी के दौरान आईआईए ने अपर श्रम आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए वेतन पुनरीक्षण के बाद उद्योगों पर बढ़े आर्थिक भार, कुशल एवं अर्द्धकुशल श्रमिकों की उपलब्धता, श्रमिक प्रशिक्षण, औद्योगिक क्षेत्रों के निकट श्रमिक आवास, औद्योगिक शांति बनाए रखने तथा बाहरी हस्तक्षेप पर प्रभावी नियंत्रण जैसी मांगें उठाईं।
वहीं, ईएसआईसी के बीमा आयुक्त प्रणय सिन्हा को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक क्षेत्र में ईएसआईसी चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और उद्योगों के साथ नियमित समन्वय की मांग की गई। साथ ही जीआईएमएस, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और देवधरा हॉस्पिटल के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों की सराहना भी की गई।
ओपन हाउस सत्र में उद्यमियों ने श्रम कानून, ईएसआईसी सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, कौशल विकास, बैंकिंग, वित्तीय सहयोग और औद्योगिक अवसंरचना से जुड़े मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस दौरान उद्योगपति गोविंदराम चौधरी ने अनमोल बिस्कुट्स में बाहरी तत्वों से प्रभावित श्रमिक यूनियन के कारण उत्पन्न समस्याओं का मुद्दा उठाया। वहीं संजय जय सिंह ने आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर में लीगल हेल्प सेल स्थापित करने का सुझाव दिया, जिससे सदस्य उद्योगों को श्रम कानूनों और कानूनी मामलों में विशेषज्ञ सहायता मिल सके। इस प्रस्ताव का उपस्थित उद्यमियों ने स्वागत किया।
केन्द्रीय कार्यकारिणी सदस्य विशारद गौतम और डिवीजनल चेयरमैन राकेश बंसल ने संगठन की भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए उद्यमियों से एकजुट होकर उद्योग हितों की रक्षा के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
संगोष्ठी में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की गई। इसके तहत श्रम कानून जागरूकता कार्यक्रम, ईएसआईसी एवं स्वास्थ्य शिविर, उद्योग सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण, लीगल एक्सपर्ट सर्विस, बैंकिंग एवं वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम, ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा, युवा उद्यमी विकास कार्यक्रम तथा नियमित “मंथन” संगोष्ठियों के आयोजन का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सचिव हिमांशु पाण्डेय ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, प्रायोजकों एवं उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के बाद चैप्टर चेयरमैन सरबजीत सिंह के नेतृत्व में नवगठित कार्यकारिणी के साथ नए कार्यकाल 2026-27 के शुभारंभ पर केक काटा गया। इसके बाद 70 से अधिक उद्यमियों ने चाय एवं अल्पाहार के दौरान उद्योगों के विकास और सहयोग को लेकर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर के पदाधिकारियों के अलावा नोएडा एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से 70 से अधिक उद्यमियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
