एकेटीयू का 24वां दीक्षांत समारोह कल, 62 हजार से अधिक छात्रों को मिलेगी डिग्री; राज्यपाल करेंगी अध्यक्षता

लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) का 24वां दीक्षांत समारोह मंगलवार, 7 जुलाई को विश्वविद्यालय परिसर स्थित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय सभागार में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी मुख्य अतिथि और प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

दीक्षांत समारोह में 62,537 विद्यार्थियों को डिग्रियां तथा 53 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 83 मेधावी छात्रों को कुल 84 पदकों से सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 35 स्वर्ण, 23 रजत और 24 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक विजेताओं में 52 छात्राएं और 31 छात्र हैं।

इस वर्ष का प्रतिष्ठित चांसलर मेडल अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद की बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा अंशिका राणा को प्रदान किया जाएगा। वहीं कमल रानी वरुण स्मृति स्वर्ण पदक केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की बीटेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की छात्रा इशिका को मिलेगा। समारोह में रोगन कला के कलाकार कंसारा आशीष शांतिलाल को डी.लिट. की मानद उपाधि भी प्रदान की जाएगी।

दीक्षांत समारोह में लगातार दूसरी बार पांच श्रेणियों में स्टूडेंट स्टार्टअप अवॉर्ड भी दिए जाएंगे। इनमें वूमेन-लेड स्टार्टअप, बेस्ट डीप टेक, बेस्ट टेक इनोवेशन, एग्रीकल्चर एवं एग्रीटेक तथा सस्टेनेबल एंड ग्रीन स्टार्टअप श्रेणियां शामिल हैं। विश्वविद्यालय का दावा है कि प्रदेश में यह पहल करने वाला वह पहला तकनीकी विश्वविद्यालय है।

समारोह के दौरान कुलाधिपति विश्वविद्यालय के शिक्षकों की लिखी पुस्तकों का विमोचन करेंगी। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए छह गांवों के विद्यालयों में आयोजित चित्रकला, कहानी-कथन और भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। बाल कलाकार पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे तथा पांच आंगनबाड़ी केंद्रों को सांकेतिक रूप से किट वितरित की जाएगी। दीक्षांत समारोह के बाद परिसर में ‘मां-बेटी सम्मेलन’ का भी आयोजन होगा।

पत्रकार वार्ता में कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय तकनीकी शिक्षा, शोध, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार नए कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को पहली बार नैक से ए-प्लस ग्रेड प्राप्त हुई है, जो 25 वर्षों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विश्वविद्यालय में एआई, मशीन लर्निंग और वीएलएसआई जैसे नए बीटेक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, जबकि स्पेस एवं क्वांटम टेक्नोलॉजी में माइनर डिग्री, 100 करोड़ रुपये की इनोवेशन निधि, कलाम पेटेंट सेंटर तथा ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन इन्क्यूबेशन सेंटर’ जैसी योजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

यह भी देखे:-

सिटी हार्ट अकादमी स्कूल में मनाया गया क्रिसमस दिवस
आर.बी.एम.आई. कॉलेज में फ्रेशर पार्टी: शाहिद बने मिस्टर फ्रेशर तो ईशा मिस फ्रेशर
प्रदूषण के खिलाफ जंग: 'रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ' फिर से शुरू
शिवम ने अपने नाम किया दूसरा राष्ट्रीय रिकॉर्ड, जीबीयू में हुए सम्मानित
वेदार्णा फाउंडेशन द्वारा विश्व भरती पब्लिक स्कूल में कार्यशाला
सामाजिक संस्था ह्यूमन टच फाऊंडेशन और इन्हरव्हील क्लब ग्रेटर नोएडा ने हर्सोल्लास के साथ मनाया शिक्षक ...
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में "स्कूल लिडर्स मीट : एक्सप्लोरिंग द फ्युचर डायरेक्शन ऑफ एजुकेशन" का आयोज...
समसारा विद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन
डीपीएस में ‘स्कॉलर डे’ का आयोजन, शिक्षा का उद्देश्य देश के लिए आदर्श नागरिक तैयार करना है-अनुराग त्र...
ईएमसीटी की ज्ञान शाला में बहुत धूम धाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह
ईएमसीटी (एथोमार्ट चेरिटबल ट्रस्ट) के बच्चों ने पढ़ा पोषण का पाठ
बी एल एस वर्ल्ड स्कूल में अंडर 14 इंटर-सोसाइटी फुटबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन
जी.डी. गोयंका स्कूल में "सपनों की दुनिया" क्रिसमस कार्निवल का भव्य आयोजन
यूपी बोर्ड के टॉपर्स बच्चों को डीएम बी.एन. सिंह ने किया सम्मानित
देश में पहली बार ड्रोन से की जाएगी दवाओं की डिलीवरी, इस राज्य ने शुरू किया प्रोजेक्ट 'मेडिसिन फ्रॉम ...
आईआईएमटी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट में वेबिनार का आयोजन