पुरानी रंजिश में ऑटो चालक को सीने में गोली, हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर
ग्रेटर नोएडा (जेवर), 5 जुलाई। जेवर क्षेत्र के ग्राम थोरा में पुरानी रंजिश के चलते एक ऑटो चालक को गोली मारने का मामला सामने आया है। घायल की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम थोरा निवासी गोविंद (30) पुत्र महेश पर रविवार को पुरानी रंजिश के चलते सौरभ (28) पुत्र ऋषिपाल ने अवैध तमंचे से फायर कर दिया। गोली गोविंद के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना जेवर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा उसके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
