मुनेन्द्र की गिरफ्तारी पर सपा का प्रतिनिधिमंडल पुलिस आयुक्त से मिला
ग्रेटर नोएडा। नोएडा में गत माह गड्ढे में भरे पानी में डूबने से युवराज मेहता की मौत के मामले में मदद के लिए आगे आए मुनेन्द्र की गिरफ्तारी को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पुलिस आयुक्त से मिला। लखनऊ से आए प्रतिनिधिमंडल ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और न्यायसंगत कार्रवाई की मांग उठाई।
इस दौरान सांसद हरेन्द्र मलिक ने कहा कि युवराज मेहता को बचाने के प्रयासों के चलते मुनेन्द्र की लोकप्रियता बढ़ी थी, जिससे कुछ लोग उससे ईर्ष्या करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि द्वेष की भावना के चलते मुनेन्द्र के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया और पुलिस ने बिना पर्याप्त जांच के उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करती है।
सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि दलित वर्ग से संबंध रखने वाले मुनेन्द्र के खिलाफ बिना निष्पक्ष जांच के कार्रवाई किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इससे समाज में दूसरों की मदद के लिए आगे आने वाले युवाओं का मनोबल टूटेगा। यदि जांच में मुनेन्द्र निर्दोष पाया जाता है तो उसे तत्काल रिहा किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इस पर पुलिस आयुक्त ने प्रकरण की जांच क्राइम ब्रांच से कराए जाने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में विधायक शाहिद मंजूर, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता, सुनील चौधरी, राहुल आवाना, फकीरचंद नागर, बागपत जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, रोहित मत्ते गुर्जर, विनोद लोहिया, जगवीर नंबरदार, अक्षय चौधरी, विक्रम टाइगर, लाल सिंह गौतम, मोहित नागर, अमित भाटी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
