नेपाल की धरती पर भारतीय प्रतिभा का परचम, सगरमाथा कप में भारत बना चैंपियन
नेपाल काठमांडू के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय नाच घर में दो दिवसीय सगरमाथा कप नेपाल-भारत डांस स्पोर्ट्स एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन 6 और 7 जून को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कला, संस्कृति और खेल के इस अंतरराष्ट्रीय महाकुंभ में भारत और नेपाल के कलाकारों ने अपनी असाधारण प्रतिभा से दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता में पदक तालिका (मेडल टैली) के आधार पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत ने सर्वाधिक गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर गरिमामयी ‘सगरमाथा कप’ (विजेता ट्रॉफी) पर कब्जा जमाया।वहीं, मेजबान *नेपाल की टीम उपविजेता (फर्स्ट रनर-अप ट्रॉफी) रही।
कला और संस्कृति का अद्भुत संगम
इस चैंपियनशिप में भारत की ओर से लगभग 80 और नेपाल की ओर से 60 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दो दिनों तक चले इस मुकाबले में नृत्य, गायन, कविता, फ्लूट (बांसुरी वादन) और ‘ट्रू वॉरियर मॉडलिंग’ जैसी विभिन्न श्रेणियों में दोनों देशों के कलाकारों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
दिग्गज जूरी ने किया विजेताओं का फैसला
प्रतियोगियों के हुनर को परखने के लिए दोनों
देशों के अनुभवी और प्रतिष्ठित जजों का एक पैनल मौजूद था।
भारत सेवेस्टर्न डांस गुरु प्रकाश माली, प्रकाश सिन्हा और कत्थक गुरु श्रीमती मोनिका श्रीवास्तव।
नेपाल से वेस्टर्न डांस जज कृष्ण महर्जन और ट्रेडिशनल (पारंपरिक) जज मेरीना महर्जन। कुशल मंच संचालन (एंकरिंग) पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखने में दोनों देशों के उद्घोषकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत की ओर से ‘वर्ल्ड स्पोर्ट्स परफॉर्मिंग आर्ट्स एजुकेशनल’ की एडमिनिस्ट्रेटर मनदीप कौर और नेपाल की ओर से ‘परफॉर्मिंग आर्ट्स एसोसिएशन नेपाल’ की सदस्य निकी देशार बज्राचार्य ने बेहतरीन एंकरिंग से दर्शकों को बांधे रखा।
आयोजक मंडल का सराहनीय प्रयास
इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप का सफल आयोजन परफॉर्मिंग आर्ट्स एसोसिएशन नेपाल और नेपाल डांस स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा किया गया, जो वर्ल्ड स्पोर्ट्स परफॉर्मिंग आर्ट्स एजुकेशनल से संबद्ध हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजक मंडल के प्रमुख सदस्यों—परफॉर्मिंग आर्ट्स एसोसिएशन नेपाल के अध्यक्ष शशि कपाली, श्रीमती पूजा कपाली तथा नेपाल डांस स्पोर्ट्स एकेडमी के डायरेक्टर राजू दर्शन का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से न केवल दोनों देशों के युवाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच मिलता है, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक संबंध भी और अधिक मजबूत होते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता कलाकारों को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
भारत का नाम रोशन करने वाली जनपद गौतम बुद्ध नगर की दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की कक्षा 12वीं की छात्रा रिद्धिमा सिंह ने 15-17 आयु वर्ग की शास्त्रीय नृत्य शैली में स्वर्ण पदक जीता। वहीं ऐस्टर पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की छात्रा वैष्णवी ने जूनियर वर्ग की ट्रेडिशनल डांस शैली में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर स्वर्ण पदक हासिल किया।
दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन आगामी दक्षिण एशियाई एवं एशियाई स्तर की डांस स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। शीघ्र ही चयन पत्र डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं परफॉर्मिंग आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों को भेजा जाएगा।
उत्तर प्रदेश डांस स्पोर्ट्स संघ के मुख्य अधिकारी मंदीप कौर एवं मोहन अरोड़ा ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए घोषणा की कि आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में दोनों खिलाड़ियों का भव्य सम्मान किया जाएगा।
