सिनर्जी केयर ने आयोजित किया ‘ऑरम द एक्सीलेंस अवार्ड-2026’, जनपद के टॉपर्स हुए सम्मानित
ग्रेटर नोएडा। सिनर्जी केयर द्वारा 10 जून 2026 को गलगोटिया विश्वविद्यालय में ‘ऑरम द एक्सीलेंस अवार्ड-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर जनपद के लगभग 200 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनके साथ उनके अभिभावक एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य भी उपस्थित रहे। आयोजन में कुल लगभग 500 लोगों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर यूपी बोर्ड, सीबीएसई एवं आईएससी बोर्ड की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तीनों बोर्डों के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट वर्ग के शीर्ष छह छात्र-छात्राओं को विशेष स्मृति चिह्न प्रदान कर की गई। इसके बाद उपस्थित सभी मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय कुमार, अपर पुलिस आयुक्त, गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट ने जनपद के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राम बदन सिंह (पूर्व अपर पुलिस आयुक्त, आगरा कमिश्नरेट), रोमियो जेम्स (पूर्व ओलंपियन एवं भारतीय हॉकी टीम के कोच), विक्रांत डोंगर (पर्यावरणविद्) तथा सिल्वेस्टर फाइटर (संस्थापक, माय एंजल अकादमी) उपस्थित रहे। अतिथियों ने भी विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में फादर एंजेल स्कूल, एस्टर पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक School, जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट स्कूल, ज्ञानश्री स्कूल, समरविल स्कूल, आदर्श पब्लिक स्कूल, केवीएस पब्लिक स्कूल, बल भारती स्कूल नोएडा, सेठ तुलाराम सरस्वती विद्या मंदिर जेवर, आर्मी पब्लिक स्कूल, श्रीराम मिलेनियम स्कूल नोएडा सहित जनपद के लगभग 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं प्रधानाचार्य शामिल हुए।
जनपद के प्रमुख टॉपर्स
हाईस्कूल वर्ग
– सीबीएसई बोर्ड: लक्ष्य फौजदार, बल भारती स्कूल, नोएडा
– यूपी बोर्ड: देवेश कुमार, सेठ तुलाराम सरस्वती विद्या मंदिर, जेवर
– आईएससी बोर्ड: आर्या, जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट स्कूल, ग्रेटर नोएडा
इंटरमीडिएट (कक्षा 12) वर्ग
– सीबीएसई बोर्ड: अनिका मिश्रा, आर्मी पब्लिक स्कूल, नोएडा
– यूपी बोर्ड: हिमांशी शर्मा, केसीएस गर्ल्स इंटर कॉलेज, सूरजपुर
– आईएससी बोर्ड: ऐश्वर्या अरोड़ा, श्रीराम मिलेनियम स्कूल, सेक्टर-135, नोएडा
सभी टॉपर विद्यार्थियों को अपर पुलिस आयुक्त अजय कुमार द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सिनर्जी केयर की संस्थापक श्रीमती निधि नवीन शर्मा ने अपने संबोधन में सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि अजय कुमार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन होते रहने चाहिए।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक एवं वरिष्ठ नागरिक समाज गौतमबुद्ध नगर के पूर्व अध्यक्ष रमन पाल सिंह ने अपनी दिवंगत पत्नी की स्मृति में जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष ट्रॉफी एवं ₹2100 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
इस आयोजन को सफल बनाने में विक्रम सोंधी, नवीन कुमार शर्मा, गिरिराज सिंह, शिव कुमार, ध्रुव, पूजा, माधुरी, तनु एवं निवेदिता सहित अनेक लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन कमलेश ने किया।
