रजनीकांत भारद्वाज बने समाजवादी पार्टी के जिला सचिव
दादरी। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता रजनीकांत भारद्वाज को पार्टी की जिला कार्यकारिणी में जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी द्वारा की गई।
एनटीपीसी टाउनशिप निवासी रजनीकांत भारद्वाज लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
जिला सचिव मनोनीत किए जाने पर रजनीकांत भारद्वाज ने पार्टी नेतृत्व, जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी तथा जिला महासचिव सुधीर तोमर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। साथ ही समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का कार्य करेंगे।
रजनीकांत भारद्वाज की नियुक्ति पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। शुभकामनाएं देने वालों में जिला प्रवक्ता विनोद लोहिया, जिला उपाध्यक्ष विक्रम टाइगर, सुरेंद्र नागर, अनूप तिवारी, कृष्णा चौहान, लोकेन्द्र यादव, दीनदयाल शर्मा, विजेंद्र चौहान तथा हरवीर प्रधान सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।
