54वीं जयंती पर डॉ. विकास सिंह को दी श्रद्धांजलि, भंडारे में जुटे परिजन व शुभचिंतक
गाजियाबाद। स्वर्गीय डॉ. विकास सिंह की 54वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उनके पिता डॉ. एस.पी. सिंह, छोटे भाई डॉ. आशीष कुमार, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. विनेश कुमार तथा उनके पुत्र शिखर सिंह एवं उद्धव सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी, परिवारजन, रिश्तेदार, मित्र एवं शुभचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
डॉ. विकास सिंह मेमोरियल फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने डॉ. विकास सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, समाज सेवा के कार्यों तथा मानवता के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन दूसरों की मदद और समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर परिजनों एवं मित्रों ने डॉ. विकास सिंह के साथ बिताए गए संस्मरण साझा किए और उनकी स्मृतियों को नमन किया। उपस्थित लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
गौरतलब है कि डॉ. विकास सिंह शहर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति सुशील अनूप सिंह के बहनोई थे। उनके असामयिक निधन से परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों को गहरा आघात पहुंचा था। उनकी जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में सभी ने उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में परिजनों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. विकास सिंह की स्मृतियां सदैव उनके हृदय में जीवित रहेंगी और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
