लखनावली रोड सूरजपुर मार्केट में जलभराव से व्यापारियों में भारी आक्रोश
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित लखनावली रोड मार्केट में जलभराव की गंभीर समस्या से स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। हाल ही में हुई बारिश के बाद सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कपिल सैफी ने बताया कि मार्केट में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से व्यापार प्रभावित होता है तथा लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
कपिल सैफी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे इस मुद्दे को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष सामूहिक रूप से अपनी आवाज उठाने को मजबूर होंगे।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए, जिससे क्षेत्र में सामान्य जनजीवन प्रभावित न हो।
