1037 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई, 340 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत संगठित अपराधियों, भूमाफियाओं और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 340 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 1 दिसंबर 2022 से 31 मई 2026 तक गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 198 मुकदमे दर्ज किए गए और 1037 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इसी अवधि में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त किया गया। जब्त की गई संपत्तियों का कुल मूल्य 340 करोड़ 41 लाख 19 हजार 657 रुपये बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई भूमि कब्जा, अवैध वसूली, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को जब्त कर अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी संगठित अपराध, माफिया गिरोहों और समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराध मुक्त और सुरक्षित समाज की स्थापना सुनिश्चित की जा सके।
