जिला कारागार लुक्सर में शुरू हुई आधुनिक पैथोलॉजी लैब, रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा की अनूठी पहल
ग्रेटर नोएडा। समाजसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा ने जिला कारागार लुक्सर, गौतमबुद्ध नगर में आधुनिक पैथोलॉजी लैब स्थापित कर उसका शुभारंभ कराया। लैब का उद्घाटन जेल अधीक्षक बृजेश कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जेल प्रशासन, रोटरी क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार, पूर्व में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जिला कारागार प्रशासन की ओर से फार्मासिस्ट एस.एस. गौतम ने क्लब अध्यक्ष रो. ऋषि के अग्रवाल से बंदियों के लिए आधुनिक पैथोलॉजी जांच सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। बंदियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए रोटरी क्लब ने इस पहल को तुरंत स्वीकार किया और अत्याधुनिक मशीनों एवं उपकरणों से युक्त पूर्ण पैथोलॉजी लैब स्थापित कराई।
उद्घाटन समारोह में तकनीकी विशेषज्ञों ने लैब में स्थापित मशीनों और चिकित्सा उपकरणों की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी। इस सुविधा के माध्यम से अब जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकेगी, जिससे विभिन्न बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान 30 बंदियों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। वहीं रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रो. के.के. शर्मा ने स्वयं जांच कराकर बंदियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया और उनका उत्साहवर्धन किया।
रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है। कारागार में स्थापित यह पैथोलॉजी लैब न केवल बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी, बल्कि उनकी गरिमा और पुनर्वास की भावना को भी मजबूत बनाएगी।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था “Service Above Self” यानी “स्वयं से पहले सेवा” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए भविष्य में भी समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए जनहितकारी परियोजनाएं चलाती रहेगी।
इस अवसर पर रो. सरदार मंजीत सिंह, रो. विनोद कसाना, रो. अमित गोयल, रो. विजेंद्र भाटी, रो. अतुल जैन, रो. रंजीत सिंह, रो. संजय गर्ग, रो. अनिल कुमार, रो. योगेश गोयल, रो. निकुल गुप्ता एवं रो. चौ. शोभित दलगीर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
