पार्टी के बाद विवाद में मारपीट और लूटपाट, बिसरख पुलिस ने 4 आरोपी दबोचे
कार, कैमरा, क्रेडिट कार्ड समेत कई सामान बरामद
ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने फ्लैट पर पार्टी के दौरान हुए विवाद, मारपीट और सामान लूटने के मामले में चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वादी की स्विफ्ट कार समेत कई सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को पार्टी के दौरान विवाद होने पर आरोपियों ने वादी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और फ्लैट में तोड़फोड़ की थी। आरोप है कि आरोपी एटीएम कार्ड, क्रेडिट-डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, डीएसएलआर कैमरा, जूते, नकदी, सोने की चेन और कार लेकर फरार हो गए थे। साथ ही पीड़ित को जान से मारने और छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की गई तथा 12,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए गए।
थाना बिसरख पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार मूर्ति चौराहे के पास से प्रथम चन्ना, सैम चौधरी, आशिता और पूजा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट कार, कैमरा बैग, साउंड बार, घड़ी, जूते और दो क्रेडिट कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
