सपा सांसद के बयान पर भाजपाइयों का हल्ला बोल, सूरजपुर कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन
“अमर्यादित भाषा लोकतंत्र को कमजोर करती है”, महिलाओं-युवाओं समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे
ग्रेटर नोएडा। सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सूरजपुर कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह से ही कार्यकर्ताओं का जिला मुख्यालय पहुंचना शुरू हो गया और देखते ही देखते कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रदर्शन में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों ने भी भाग लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर सपा के खिलाफ नारेबाजी की।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि हमीरपुर के सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। वहीं जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सार्वजनिक माफी की मांग की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। अमर्यादित बयानबाजी समाज में गलत संदेश देती है और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करती है।
इस दौरान जिला महामंत्री वीरेंद्र भाटी, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, संजय चेची, पवन रावल, विकास चौधरी, डिम्पल आनंद, पूनम सिंह, रजनी तोमर समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
