ग्रेटर नोएडा में भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया गुरुदेव श्री श्री रविशंकर का 70वां जन्मोत्सव
ग्रेटर नोएडा। आर्ट ऑफ लिविंग, ग्रेटर नोएडा द्वारा पूज्य गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर का 70वां जन्मोत्सव बड़े उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। यह भव्य आयोजन टिवोली में आयोजित किया गया, जिसमें नोएडा और ग्रेटर नोएडा से बड़ी संख्या में साधकों एवं भक्तों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान रविशा बक्शी एवं सुरेश शर्मा ने बताया कि गुरुदेव का जन्मोत्सव विश्व शांति, प्रेम और समृद्धि के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के विचार आज पूरी दुनिया में लोगों को तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दे रहे हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध गायक गगन राठौर रहे। उनके भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर झूम उठे और आध्यात्मिक उत्सव का आनंद लिया।
इस आयोजन में राजेश माथुर, छवि गर्ग, केशव प्रकाश, अनामिका जी, नितिन शर्मा, रीना जी, वीणा राय, पायल जी सहित बड़ी संख्या में साधकों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम का समापन गुरु वंदना, भजन, ध्यान एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
