जनसमस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू
ग्रेटर नोएडा। जनहित और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने सोमवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। सुबह 10 बजे शुरू हुए इस आंदोलन में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर समर्थन दिया।
संगठन के संस्थापक सदस्य आलोक नागर ने बताया कि क्षेत्र में बिल्डरों द्वारा बड़े पैमाने पर किए जा रहे भूजल दोहन, पर्यावरण संरक्षण की अनदेखी, किसानों की समस्याएं, निजी स्कूलों एवं अस्पतालों की मनमानी और लूट जैसे मुद्दों को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है। इसके अलावा लीज डीड के अनुसार स्थानीय किसानों के बच्चों को शिक्षा एवं इलाज में छूट देने, नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने तथा स्थानीय युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है।
मास्टर दिनेश नागर ने कहा कि संबंधित विभागों और अधिकारियों को कई बार समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अधिकारियों की उदासीनता के चलते अब जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
भूख हड़ताल के दौरान आलोक नागर, मास्टर दिनेश नागर, ब्रह्मपाल कपासिया, बलराज हूण, प्रेमराज भाटी, प्रेम प्रधान, यतेंद्र नागर, बालेश्वर नागर, राकेश नागर, एडवोकेट अनिल भाटी, विजय शर्मा, सुशील प्रधान, मलखान यादव, बसंत भाटी, मोहित अधाना, गजराज भाटी, दिव्यकेश भाटी, मुकेश सोलंकी, शिवम भाटी, फूलकुवर, रिंकू, वेदपाल चौधरी, धीर सिंह, सतेंद्र, आकाश नागर, हरेंद्र कसाना, अजय नागर, कैप्टन नरेश यादव सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
