गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में “मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं व्यक्तित्व विकास” पर विशेष सत्र आयोजित
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना सेल एवं सहज योग के संयुक्त तत्वावधान में “मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं व्यक्तित्व विकास” विषय पर एक विशेष जागरूकता एवं ध्यान सत्र का सफल आयोजन ऑडिटोरियम-2 में किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 120 से अधिक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना, तनाव को कम करना तथा सकारात्मक एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। सहज योग की टीम द्वारा ध्यान, आत्म-साक्षात्कार एवं आंतरिक शांति से संबंधित व्यावहारिक एवं प्रेरणादायक जानकारी साझा की गई।
प्रतिभागियों ने ध्यान अभ्यास के माध्यम से मानसिक शांति, एकाग्रता एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। राष्ट्रीय सेवा योजना परिवार की ओर से विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो राणा प्रताप सिंह , अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ मनमोहन सिंह सिसोदिया तथा डायरेक्टर वर्क्स प्रो चंदर कुमार सिंह को इस छात्र-केंद्रित एवं उपयोगी कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने इस प्रकार के और अधिक सत्र आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया तथा मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. गौरव कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास, मानसिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के संदेश के साथ किया गया।
