बिसाड़ा में धूमधाम से मनाई गई महाराणा प्रताप जयंती, महायज्ञ व भंडारे में उमड़ी हजारों लोगों की भीड़
ग्रेटर नोएडा। लघु मेवाड़ साठा चौरासी क्षेत्र के ग्राम बिसाड़ा में महाराणा प्रताप जयंती श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष भाकियू एकता शक्ति एवं वार्ड नंबर-3 के भावी जिला पंचायत प्रत्याशी Amrish Chauhan मुख्य रूप से शामिल हुए।
इस अवसर पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही देश और विश्व में शांति, सुख-समृद्धि एवं मानव कल्याण की कामना को लेकर महायज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र के हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
अपने संबोधन में अमरीश चौहान ने कहा कि जब पूरा देश और विश्व अंधकार के दौर से गुजर रहा था, तब मेवाड़ की धरती से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप ने अपने शौर्य, पराक्रम और त्याग से राष्ट्र को नई दिशा दिखाई। उन्होंने व्यक्तिगत सुखों का त्याग कर धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया तथा मुगलों का वीरता के साथ सामना किया।
उन्होंने कहा कि आज देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए युवाओं को महाराणा प्रताप के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में Avdhesh Rana, Mayank, Sheru Rana, पूर्व प्रधान हरिओम प्रधान, संजय राणा, एच.के. शर्मा, योगेश चौहान, कुंवर पाल ठोकलपुरा, संत समाज के गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
