यीडा और जापान के एमईजे के बीच एमओयू, मेडिकल डिवाइस सेक्टर में निवेश व तकनीकी सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
ग्रेटर नोएडा, 6 मई 2026। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) और Medical Excellence Japan (एमईजे) के बीच चिकित्सा उपकरण क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, तकनीकी नवाचार और निवेश को प्रोत्साहित करना है।
एमओयू के तहत दोनों पक्ष मेडिकल डिवाइस सेक्टर में अनुसंधान एवं विकास (R&D), तकनीकी हस्तांतरण, निवेश प्रोत्साहन और स्टार्टअप सहयोग जैसे क्षेत्रों में मिलकर कार्य करेंगे। यीडा जहां आवश्यक अवसंरचना, भूमि आवंटन, नीतिगत प्रोत्साहन और नियामकीय सहयोग प्रदान करेगा, वहीं एमईजे जापानी तकनीकी विशेषज्ञता, कंपनियों की भागीदारी और ज्ञान हस्तांतरण में सहयोग करेगा।
इस समझौते के तहत यीडा मेडिकल डिवाइस पार्क को जापानी कंपनियों के लिए निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, दोनों पक्ष संयुक्त शोध परियोजनाओं, प्रयोगशालाओं की स्थापना और सेमिनार व व्यापार मिशनों के आयोजन के माध्यम से सहयोग को आगे बढ़ाएंगे।
प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के तहत भारतीय और जापानी कंपनियों के बीच तकनीकी समझौते, गुणवत्ता मानकों का आदान-प्रदान और निर्माण प्रक्रियाओं में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं, स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए इनक्यूबेशन, फंडिंग, हैकाथॉन और मेंटरशिप जैसे कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
एमओयू के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक संयुक्त कार्य समूह (JWG) का गठन किया जाएगा, जो 30 दिनों के भीतर तैयार होगा और 60 दिनों में विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करेगा।
गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए दोनों पक्ष सभी संवेदनशील जानकारियों को सुरक्षित रखेंगे और बिना अनुमति किसी तीसरे पक्ष के साथ साझा नहीं करेंगे। यह प्रावधान एमओयू की समाप्ति के बाद भी पांच वर्षों तक लागू रहेगा।
यह समझौता 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर आपसी सहमति से इसमें संशोधन या नवीनीकरण किया जा सकेगा।
