जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, बोले—हर समस्या का होगा समाधान
गोरखपुर, 5 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि सरकार हर समस्या का प्रभावी समाधान कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं के निस्तारण में त्वरित संवेदनशीलता और पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और उनके प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। महंत दिग्विजय नाथ स्मृति भवन के सामने बैठे लोगों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से किया जाए।
जमीन कब्जे से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन और पुलिस को निर्देशित किया कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं, इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदों के इलाज का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर सरकार को उपलब्ध कराया जाए, ताकि तत्काल सहायता दी जा सके।
कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंचीं, जिनसे मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक मुलाकात की और बच्चों को चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।
गोसेवा बनी दिनचर्या का हिस्सा
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रातःकाल मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पहुंचकर गोवंश को दुलारा और अपने हाथों से गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री की दिनचर्या में गोसेवा एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनी हुई है।
