श्रमिक दिवस पर IEA का सराहनीय पहल, श्रमिकों के लिए लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर
ग्रेटर नोएडा, 1 मई। श्रमिक दिवस के अवसर पर इंडस्ट्रियल एंट्रेपरेणुर्स एसोसिएशन (IEA) और UPSIDA ने जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश में साइट-बी स्थित IEA मुख्यालय पर श्रमिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। यह शिविर यथार्थ हॉस्पिटल के सहयोग से लगाया गया, जिसका उद्देश्य श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
शिविर में करीब 100 श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की गई, जहां विभिन्न बीमारियों से संबंधित समस्याओं का परीक्षण और उपचार किया गया। इस दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने श्रमिकों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया।
कार्यक्रम में UPSIDA के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा और जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त पंकज निर्वाण भी उपस्थित रहे। उन्होंने श्रमिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और इस पहल के लिए IEA की सराहना की।
IEA के संयुक्त सचिव दिनेश चौहान ने बताया कि संस्था पिछले 20 दिनों से लगातार स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रही है, साथ ही 5 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडरों का वितरण भी विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में किया जा रहा है, ताकि श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
वहीं, IEA के क्षेत्रीय सचिव महिपाल चौहान ने यथार्थ हॉस्पिटल के डॉक्टरों और स्टाफ का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन श्रमिकों के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के माध्यम से श्रमिकों में सकारात्मक संदेश गया और यह साबित हुआ कि उद्योग और समाज मिलकर श्रमिकों के स्वास्थ्य और भलाई के लिए प्रभावी कदम उठा सकते हैं। IEA ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया है।
