बिसरख पुलिस की कार्रवाई, अवैध तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 1 मई। थाना बिसरख पुलिस ने अवैध शस्त्र के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 1 मई को गश्त के दौरान न्यू हैबतपुर सब्जी मंडी की ओर जाने वाले मार्ग से संदिग्ध अवस्था में एक युवक को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान कुन्दन कुमार (23 वर्ष) पुत्र सुनील प्रसाद के रूप में हुई, जो मूल रूप से नई दिल्ली के गणेशनगर पांडानगर क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में बिसरख क्षेत्र के सरस्वती कुंज में रह रहा था।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना बिसरख में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और अवैध शस्त्र रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
