विश्व पुस्तक दिवस पर लाइब्रेरी को लेकर पहल, बेटियों की शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
गौतमबुद्ध नगर में 10 लाइब्रेरी बनाने की तैयारी, जारचा में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
गौतमबुद्ध नगर, 23 अप्रैल।
विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर जिले में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई। महिला उन्नति संस्था द्वारा लाइब्रेरी निर्माण और बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने को लेकर सार्थक चर्चा आयोजित की गई।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राहुल वर्मा ने संगठन के संरक्षक डॉ. वीरेंद्र पाल सिंह राणा के साथ बैठक कर जनपद गौतमबुद्ध नगर में 10 लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना पर विस्तार से चर्चा की। इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से बेटियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि दादरी ब्लॉक के जारचा क्षेत्र में एक आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जाएगी। महिला उन्नति संस्था के दादरी ब्लॉक प्रभारी एवं लाइब्रेरी के संस्थापक आर.के. सागर ने बताया कि सभी के सहयोग से जारचा की लाइब्रेरी को जल्द ही डिजिटल स्वरूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस लाइब्रेरी में छात्र-छात्राओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु नई और उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यहां अध्ययन का बेहतर वातावरण तैयार किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संसाधनों का लाभ उठा सकें।
आर.के. सागर ने यह भी जानकारी दी कि महिला उन्नति संस्था द्वारा जल्द ही बेटियों के लिए निशुल्क कंप्यूटर कोचिंग सेंटर की शुरुआत की जाएगी, जिससे डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और बालिकाएं तकनीकी रूप से सशक्त बन सकेंगी।
संस्था के संरक्षक डॉ. वीरेंद्र पाल सिंह राणा ने कहा कि जारचा की इस डिजिटल लाइब्रेरी को भविष्य में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इसमें सभी आधुनिक सुविधाएं और क्लासरूम जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना को समाज के बुद्धिजीवियों और आमजन के सहयोग से, चंदा एकत्र कर पूर्ण किया जाएगा। सामूहिक भागीदारी से यह पहल न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नया आयाम जोड़ेगी, बल्कि समाज में जागरूकता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करेगी।
