नोएडा में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कैंप, इंग्लैंड के कोच क्लाइव कास्टिलो देंगे एलीट ट्रेनिंग
UYBA की पहल से युवा खिलाड़ियों को देश में ही मिलेगी यूरोपीय स्तर की प्रोफेशनल ट्रेनिंग
नोएडा, 19 अप्रैल 2026। भारतीय बास्केटबॉल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा देने की पहल के तहत उल्हास युवीपेप बास्केटबॉल अकादमी (UYBA) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अकादमी द्वारा युवा खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर की ट्रेनिंग देने के उद्देश्य से विशेष चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
इस कैंप के लिए इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम और लंदन लायंस (यूरोलीग/यूरोकप) के हेड कोच क्लाइव कास्टिलो भारत पहुंच चुके हैं। वह इस दौरान देश के उभरते खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय एलीट प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
सेक्टर-21ए स्थित नोएडा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रेसवार्ता में अकादमी के को-फाउंडर उल्हास के.एस. ने बताया कि यह 4 दिवसीय प्रो-लेवल कैंप ‘स्पोर्ट्स सोल’ के सहयोग से 19 से 22 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से यूरोप की आधुनिक और पेशेवर बास्केटबॉल तकनीकों को सीधे भारतीय खिलाड़ियों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यूरोलीग हेड कोचेस बोर्ड (EHCB) से प्रमाणित कोच कास्टिलो खिलाड़ियों को वही प्रशिक्षण देंगे, जो यूके और यूरोप में कॉलेज बास्केटबॉल के लिए जरूरी माना जाता है। इससे खिलाड़ियों को विदेश जाए बिना ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी का अवसर मिलेगा।
कैंप में रोजाना दो सत्र आयोजित होंगे। पहला सत्र दोपहर 1:30 बजे से शाम 5 बजे तक और दूसरा सत्र शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। इसमें 10 से 20 वर्ष आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां भाग ले सकते हैं।
खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
स्पोर्ट्स सोल के डायरेक्टर तुषार अरोड़ा ने बताया कि कैंप में प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण, प्रतिस्पर्धी मैच प्ले, गेम सिचुएशन अभ्यास, फिजियोथेरेपी, पोषण और प्रदर्शन विश्लेषण जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही खिलाड़ियों को आधिकारिक UYBA जर्सी और प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।
यह कैंप उन खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर साबित हो सकता है, जो यूरोपीय तकनीक, निष्पक्ष मार्गदर्शन और अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे हैं। यह पहल भारतीय बास्केटबॉल को वैश्विक स्तर से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
