एचआईएमटी ग्रुप में ‘जॉब क्वेस्ट एक्सपो 2026’ 21 अप्रैल से, 65 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में ‘जॉब क्वेस्ट एक्सपो 2026’ मेगा जॉब फेयर का शुभारंभ 21 अप्रैल से होगा। यह वार्षिक जॉब फेयर दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के रोजगार अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा।
शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में चेयरमैन एचएस बंसल ने बताया कि इस मेगा जॉब फेयर का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय एवं उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 190 से अधिक शिक्षण संस्थानों के प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि 3600 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने इसमें भाग लेने के लिए आवेदन किया है।
रोजगार सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि आयोजन में 65 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां और हायरिंग पार्टनर्स शामिल होंगे, जो मौके पर ही भर्ती प्रक्रिया संचालित करेंगे।
इस अवसर पर ग्रुप डायरेक्टर डॉ. सुधीर कुमार, कार्यकारी निदेशक विक्रांत चौधरी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। यह आयोजन युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
