नोएडा में श्रमिकों का हंगामा, 7 मुकदमे दर्ज, कई हिरासत में; हालात काबू
नोएडा, 13 अप्रैल 2026। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर क्षेत्र में सोमवार को लगभग 40 से 45 हजार श्रमिकों द्वारा विभिन्न इलाकों में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया गया, जो कई जगहों पर उपद्रव में बदल गया। कमिश्नरेट के 80 से अधिक स्थानों पर भीड़ ने जमावड़ा कर कानून-व्यवस्था को प्रभावित किया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।
इस दौरान सेक्टर-63 क्षेत्र के दो स्थानों और मदरसन कंपनी परिसर के आसपास कुछ अराजक तत्वों द्वारा आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर यातायात बाधित किया गया और समूह बनाकर उपद्रव करने की कोशिश की गई।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। जोनल पुलिस, थाना पुलिस, फायर सर्विस और अन्य विभागों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और भीड़ को समझाकर हटाने का प्रयास किया।
पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए न्यूनतम बल प्रयोग किया और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। पुलिस के प्रयासों से स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई है।
घटना के संबंध में विभिन्न थानों में 7 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और कई असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस द्वारा उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर आगे भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें।
