औद्योगिक अशांति फैलाने वालों से सावधान रहें श्रमिक, सरकार हर श्रमिक के साथ: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास और शांति का माहौल तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन कुछ लोग षड्यंत्र के तहत औद्योगिक अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे तत्वों से श्रमिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह श्रमिकों के साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। श्रमिकों को संरक्षण देने के साथ-साथ उनके लिए सुरक्षित और स्थिर कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि वे बिना किसी भय के काम कर सकें।
सीएम योगी ने उद्योगों से भी अपील की कि वे श्रमिकों और कर्मचारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करें, जिससे किसी भी प्रकार की गलतफहमी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि संवाद के माध्यम से ही औद्योगिक सौहार्द को मजबूत किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार न्यूनतम मानदेय सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रही है। चाहे सफाई कर्मचारी हों या आउटसोर्सिंग पर कार्यरत युवा, सभी को निर्धारित वेतन सीधे उनके खातों में मिलेगा और बिचौलियों की भूमिका समाप्त की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि श्रमिकों को सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है, ताकि हर श्रमिक को सम्मानजनक जीवन और सुरक्षित भविष्य मिल सके।
