ग्रेटर नोएडा में भाजपा का प्रशिक्षण महाभियान: कार्यकर्ताओं को दी विचारधारा और संगठन की मजबूती की सीख
ग्रेटर नोएडा: शनिवार को भारतीय जनता पार्टी, गौतमबुद्धनगर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के तहत विभिन्न मंडलों—बिसरख, दादरी देहात, जेवर और सूरजपुर—में प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सूरजपुर मंडल का प्रशिक्षण शिविर आईआईएमटी कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रणीत भाटी ने ‘वैचारिक अधिष्ठान’ विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी की मूल विचारधारा से अवगत कराया। उन्होंने संगठन के सिद्धांतों को आत्मसात कर जनसेवा में समर्पित रहने का आह्वान किया।
दूसरे सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने कार्य पद्धति पर जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर आधारित है। उन्होंने बताया कि जनसंघ के समय से लेकर 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना तक और आज तक पार्टी राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रशिक्षण महाभियान के माध्यम से समर्पित और जागरूक कार्यकर्ताओं का निर्माण किया जाता है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याण योजनाओं को पहुंचाने का कार्य करते हैं।
तीसरे सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर भारद्वाज ने पार्टी के इतिहास और विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा की शुरुआत जनसंघ से हुई और 1980 से पार्टी निरंतर देशहित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दो सांसदों से शुरू हुआ सफर आज सैकड़ों सांसदों तक पहुंच चुका है। वर्ष 2014 से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बनने के बाद देश मजबूत हुआ है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण और धारा 370 हटाने जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से जन-जन की सेवा करने और 2027 में प्रदेश में पुनः भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं का नव निर्माण करना और उन्हें पार्टी की नीति-रीति से अवगत कराकर राष्ट्र सेवा के लिए तैयार करना है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री धर्मेन्द्र कोरी, वीरेन्द्र भाटी, धर्मेन्द्र भाटी, अरुण शर्मा, कर्मवीर आर्य, बलराज भाटी, मनोज मावी, सुनील सोनकर, विशाल कुमार, शक्ति रावल, विजय रावल, अशोक रावल, मुकेश मुकदम, रामकुमार मावी, उषा वत्स, हेमंत त्यागी, शिवम मावी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
