यूपी में 12 आईपीएस अधिकारियों का तबादला, कई जिलों की कमान बदली
युवा अफसरों पर भरोसा, नक्सल क्षेत्रों से लेकर कमिश्नरेट तक नई तैनाती से बदलेगा पुलिसिंग का चेहरा
लखनऊ, 9 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाते हुए 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल के तहत कई जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में अहम जिम्मेदारियां बदली गई हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था में नई सक्रियता आने की उम्मीद है।
तबादला सूची में 2019 से 2022 बैच के युवा आईपीएस अधिकारियों को प्राथमिकता दी गई है। सरकार ने अनुभव और ऊर्जा के संतुलन को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को नई तैनाती दी है, जिससे जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जा सके।
सागर जैन को सहारनपुर (ग्रामीण) से प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। मनोज कुमार रावत को गोण्डा से सम्भल, जबकि आयुष विक्रम सिंह को मेरठ से बहराइच भेजा गया है। विनायक गोपाल भोसले को सीतापुर से मेरठ और अंतरिक्ष जैन को मेरठ से बुलंदशहर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कमिश्नरेट स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। टिविंकल जैन को गौतमबुद्धनगर से लखनऊ और लिपि नागायच को गाजियाबाद से वाराणसी भेजा गया है, जहां उन्हें अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।
इसके अलावा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राजकुमार मीणा को मिर्जापुर और क्षुभम रूनवाल को सोनभद्र भेजा गया है। वहीं आलोक कुमार को सम्भल से प्रतापगढ़, डॉ. ईशान सोनी को वाराणसी से जालौन और मयंक पाठक को अलीगढ़ से सहारनपुर में तैनात किया गया है।
सरकार के इस फैसले को प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा पुलिस प्रशासन को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
