आईआईएमटी कॉलेज में रक्तदान शिविर, छात्रों के उत्साह से जुटीं 216 यूनिट रक्त
ग्रेटर नोएडा। रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा द्वारा आईआईएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज में आयोजित रक्तदान शिविर में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। शिविर में कुल 216 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिससे जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
शिविर का शुभारंभ नोएडा एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र भाटिया द्वारा किया गया। उन्होंने छात्रों को रक्तदान के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कुल 261 छात्र-छात्राओं ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया। हालांकि, 45 छात्र-छात्राएं कम हीमोग्लोबिन और अन्य कारणों से रक्तदान नहीं कर सके।
रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष सौरभ बंसल ने बताया कि नोएडा के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया। आईआईएमटी कॉलेज प्रबंधन के सहयोग से आयोजित इस कैंप ने रक्त की कमी को दूर करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पूर्व अध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि छात्रों में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कॉलेज के प्रबंधन और क्लब पदाधिकारियों ने भी रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कॉलेज के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और शिक्षकों का सहयोग रहा, जिससे शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। साथ ही रोटरी क्लब के पदाधिकारी और सदस्य भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
