हनुमान जन्मोत्सव पर श्री बालाजी एनक्लेव मंदिर में भव्य यज्ञ व विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
ग्रेटर नोएडा। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्री बालाजी एनक्लेव मंदिर में गुरुवार, 2 अप्रैल 2026 को भव्य धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना कर सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
श्री बालाजी एनक्लेव आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष ओमवीर आर्य एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर प्रांगण में प्रातः 10:00 बजे विधि-विधान के साथ यज्ञ संपन्न कराया गया। यज्ञ में कॉलोनी के श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से भाग लिया और भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया। यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यज्ञ के उपरांत प्रातः 11:00 बजे मुख्य गेट, जीटी रोड पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में आने वाले सभी भक्तों के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालु अपने परिवार और मित्रों के साथ पहुंचकर आयोजन में शामिल हुए और इसे सफल बनाने में योगदान दिया।
श्री बालाजी कॉलोनी के संरक्षक बलराज नागर ने बताया कि इस भंडारे की परंपरा वर्ष 2008 से निरंतर चली आ रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में भाईचारा, एकता और आस्था को सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलोनी के समाजसेवियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेष रूप से बलराज भाटी, राजसिंह नागर, राकेश भाटी, राजकुमार आर्य, विनोद अधाना, हंसराज, श्री कृष्ण हलवाई, ललित चंदेला, अजय भाटी, अतुल भाटी, नरेंद्र, नीरज नागर, कंछी वर्मा, आदित्य शर्मा, रणवीर टाइगर, पुनीत, शिखर भारद्वाज, सुरेश, अमित, शुभाष ढेड़ा, सुंदर लाल भाटिया, लाला भाटी और गौरव लाला सहित अन्य कॉलोनीवासियों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
