मध्य-पूर्व में बढ़ा तनाव, एक माह से जारी अमेरिका -इजराइल और ईरान युद्ध, भारत सरकार ने ईंधन व उर्वरक पर दी स्थिति स्पष्ट
नई दिल्ली। मध्य-पूर्व में Israel, Iran और United States के बीच जारी संघर्ष को एक माह पूरा हो गया है। इस दौरान ईरान द्वारा इजराइल पर लगातार हमले किए जा रहे हैं, वहीं इजराइल भी जवाबी कार्रवाई में पीछे नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार बेरूत पर इजराइल के हमले जारी हैं, जबकि ईरान ने हाईफा स्थित तेल रिफाइनरी और बेरूत के जल संयंत्र को निशाना बनाया है।
इस बीच Donald Trump ने युद्ध को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि ईरान के साथ जल्द ही समझौता हो सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि सत्ता परिवर्तन होता है तो नए नेतृत्व के साथ बातचीत आगे बढ़ाई जाएगी।
उधर, भारत में अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता के दौरान सरकार ने ऊर्जा और उर्वरक आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट की। अधिकारियों ने कहा कि गल्फ क्षेत्र भारत के लिए एक महत्वपूर्ण स्रोत है, लेकिन देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है।
सरकार के अनुसार, कुछ स्थानों पर पैनिक बाइंग देखने को मिली है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है। जमाखोरी रोकने के लिए देशभर में छापेमारी की जा रही है और कई राज्यों में प्रेस ब्रीफिंग जारी की गई है। अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में करीब ढाई हजार रेड डाली गई हैं।
उर्वरक आपूर्ति को लेकर बताया गया कि खरीफ सत्र के लिए 390 लाख टन की आवश्यकता है, जिसके मुकाबले पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। देश की सभी यूरिया इकाइयों में लगभग 80 प्रतिशत उत्पादन हो चुका है और गैस आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। कुल 27 यूरिया प्लांट्स को गैस मिल रही है, जबकि कुछ प्लांट्स वार्षिक मेंटेनेंस में हैं।
एलपीजी आपूर्ति पर जानकारी देते हुए कहा गया कि 95 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन हुई हैं। एक करोड़ चार लाख बुकिंग के मुकाबले 92 लाख सिलेंडर की डिलीवरी की जा चुकी है। उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 300 रुपये की सब्सिडी मिल रही है। साथ ही 5 किलोग्राम के छोटे सिलेंडर भी प्रवासी श्रमिकों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सरकार ने यह भी बताया कि सामान्य स्थिति में जहां एलपीजी डिलीवरी दो दिनों में हो जाती थी, वहीं वर्तमान परिस्थितियों में इसमें चार से पांच दिन का समय लग रहा है। इसके बावजूद आपूर्ति बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने सऊदी अरब के युवराज को वहां रह रहे भारतीयों की देखभाल के लिए धन्यवाद दिया है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन की खरीदारी करें।
