ग्रेटर नोएडा में आपदा प्रबंधन पर जनपद स्तरीय कार्यशाला, 245 प्रतिभागियों को दिया प्रशिक्षण
गौतमबुद्धनगर, 30 मार्च 2026। सेक्टर सिग्मा-1 स्थित Noida World School में आपदा जोखिम न्यूनीकरण को लेकर जनपद स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों और समाज के अलग-अलग वर्गों की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू कौल रायना ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में आपदा प्रबंधन में जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कार्यशाला में National Disaster Response Force (एनडीआरएफ) की 8वीं बटालियन, गाजियाबाद के प्रशिक्षक राजू यादव ने प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने एनडीआरएफ की संरचना, उद्देश्य और विभिन्न आपदाओं में राहत एवं बचाव कार्यों की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में भूकंप, बाढ़, चक्रवात, आग, भूस्खलन और औद्योगिक दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया गया।
प्रतिभागियों को सीपीआर, एफबीएओ और बीएलएस जैसी जीवनरक्षक तकनीकों का व्यवहारिक अभ्यास कराया गया। साथ ही रक्तस्राव रोकने, इमरजेंसी स्थिति में स्ट्रेचर तैयार करने और सुरक्षित निकासी की प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण भी दिया गया। भूकंप के दौरान सावधानियां, अलार्म बजने पर सुरक्षित मार्ग से बाहर निकलना और असेंबली प्वाइंट पर अनुशासन बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी मार्गदर्शन किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. टीकम कुमार ने प्राथमिक उपचार, भीड़ प्रबंधन और ट्रायज प्रणाली के बारे में जानकारी दी। वहीं जिला रिसोर्स पर्सन ममता भारद्वाज और मास्टर ट्रेनर श्रीयांश चतुर्वेदी ने ‘आपदा सखी’ मॉडल के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि महिलाएं आपदा के समय केवल पीड़ित नहीं, बल्कि रक्षक की भूमिका भी निभा सकती हैं।
अग्निशमन अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने आग से बचाव के उपायों और फायर एक्सटिंग्यूशर के उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम के दौरान आपदा से संबंधित जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।
कार्यशाला में लगभग 245 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, अधिकारी, शिक्षक, होमगार्ड, सिविल डिफेंस सदस्य और छात्र-छात्राएं शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी अजय कुमार यादव, जिला परियोजना अधिकारी नेहा सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर ज्योति बालियान, होमगार्ड इंस्पेक्टर विपिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
