15 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, सूरजपुर पुलिस ने तमंचा-कारतूस किया बरामद
ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए ग्राम खेडी कट क्षेत्र से अभियुक्त अभिषेक गौतम उर्फ रवि पुत्र गोविन्द को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए डीसीपी सेंट्रल नोएडा द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक गौतम उर्फ रवि निवासी गौतमपुरी, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर (उम्र 31 वर्ष) है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया है।
जांच में सामने आया है कि अभियुक्त अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर घरों में घुसकर चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देता था और अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमाता था। उसके खिलाफ थाना सूरजपुर में पूर्व में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
