ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आई 11 वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम
ग्रेटर नोएडा। थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अलीवर्दीपुर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 11 वर्षीय बालिका की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतका का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, वादी की तहरीर के आधार पर थाना इकोटेक-3 में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
