जीएनआईटी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट के छात्रों ने किया औद्योगिक भ्रमण, बिस्किट निर्माण प्रक्रिया को करीब से जाना
ग्रेटर नोएडा, 17 मार्च 2026। GNIT College of Management (GNITCM) द्वारा एमबीए प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। यह भ्रमण चेयरमैन बिशन लाल गुप्ता के मार्गदर्शन में तथा ट्रेनिंग सेल के समन्वय से ग्रेटर नोएडा स्थित Anmol Industries में संपन्न हुआ।
इस औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को उद्योगों की कार्यप्रणाली से अवगत कराना तथा सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव के बीच की दूरी को कम करना रहा। भ्रमण के दौरान छात्रों ने बिस्किट निर्माण की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझा।
छात्रों ने कच्चे माल के मिश्रण, आटा तैयार करने, बेकिंग प्रक्रिया, क्रीम फिलिंग, पैकेजिंग और लेबलिंग की आधुनिक तकनीकों को करीब से देखा। कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें स्टोरेज सिस्टम, डिस्पैच प्रक्रिया, लॉजिस्टिक्स, इन्वेंट्री मैनेजमेंट और सप्लाई चेन के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।
यह औद्योगिक भ्रमण छात्रों के लिए बेहद ज्ञानवर्धक और उपयोगी साबित हुआ। इससे उन्हें प्रोडक्शन मैनेजमेंट, गुणवत्ता नियंत्रण और बड़े स्तर पर संचालन की दक्षता को समझने का अवसर मिला।
संस्थान द्वारा इस तरह के व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, जो छात्रों को उद्योग के लिए तैयार करने के साथ-साथ इंडस्ट्री और शिक्षा के बीच समन्वय को भी मजबूत करते हैं।
