नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तैयारियों पर बड़ी बैठक, इमरजेंसी सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
गौतमबुद्धनगर, 17 मार्च 2026। नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की आपातकालीन तैयारियों और पर्यावरणीय प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एयरपोर्ट इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी (AEPC) और एयरपोर्ट पर्यावरण प्रबंधन समिति (AEMC) की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक वाईआईएपीएल (YIAPL) एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिस, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से एयरपोर्ट की इमरजेंसी तैयारियों, समन्वय व्यवस्था और आधारभूत संरचना का विस्तृत अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, डीडीएमए, यमुना विकास प्राधिकरण सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में समयबद्ध और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने समिति के प्रमुख बिंदुओं से अवगत कराते हुए बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय की आपदा प्रबंधन योजना-2016 और DGCA के दिशा-निर्देशों के तहत यह समिति एयरपोर्ट की आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करती है।
बैठक में ICAO अनुलग्नक-14, DGCA CAR और अन्य नियामक प्रावधानों के अनुरूप सुरक्षा और संरचनात्मक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य सेवाओं के संदर्भ में संभावित आपदाओं से निपटने के लिए स्थानीय अस्पतालों, एम्बुलेंस सेवाओं और एयरपोर्ट स्वास्थ्य अधिकारियों के बीच समन्वय और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने पूर्व में आयोजित मॉक ड्रिल की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर भी अधिकारियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाए। पुलिस विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नो-फ्लाइंग जोन में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी और एयरपोर्ट की 18 किलोमीटर परिधि में लेजर लाइट का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
यमुना विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया गया कि भवन निर्माण के लिए निर्धारित कलर कोड और ऊंचाई मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए। वहीं, आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि स्वच्छता और पर्यावरणीय मानकों का पालन बना रहे।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, एसीपी सार्थक सेंगर सहित पुलिस, अग्निशमन, सीआईएफ, एनडीआरएफ, DGCA और एयरपोर्ट प्रबंधन टीम के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
