जनगणना-2027 की तैयारियों पर कलेक्ट्रेट में बैठक, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
ग्रेटर नोएडा। जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इससे प्राप्त आंकड़े देश की नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना-2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी और इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर सटीकता के साथ पूरा करना होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहला चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। दूसरा चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा, जिसमें जनसंख्या की वास्तविक गणना की जाएगी। दोनों चरणों में डेटा संग्रह के लिए मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा और ‘जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS)’ पोर्टल के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आम नागरिकों को भी स्वयं अपनी गणना दर्ज कराने का विकल्प दिया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल 7 मई से 21 मई 2026 के बीच उपलब्ध रहेगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय स्तर के ट्रेनरों द्वारा फरवरी माह में जनपद के तीन मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इन मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनपद के 72 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जाएगा। फील्ड ट्रेनरों का चयन और नियुक्ति पूरी हो चुकी है तथा उनका प्रशिक्षण 23, 24 और 25 मार्च को प्रस्तावित है। फील्ड ट्रेनरों के माध्यम से जनपद के 4000 से अधिक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जो फील्ड में जाकर डेटा संग्रहण का कार्य करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि 31 मार्च 2026 से पहले CMMS पोर्टल पर मकान सूचीकरण ब्लॉक का निर्माण पूरा कर प्रगणकों को कार्य आवंटित कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और पंचायत राज विभाग को तत्काल अपने कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें जनगणना कार्य के लिए नामित किया जा सके। साथ ही मोबाइल, टैबलेट और कंप्यूटर संचालन का ज्ञान रखने वाले पंचायत सहायकों, सफाई कर्मियों और रोजगार सेवकों की सूची भी तैयार करने को कहा गया।
बैठक में नोएडा प्राधिकरण के चार्ज अधिकारी की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने गहरा असंतोष व्यक्त किया और अधिकारियों को भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला जनगणना अधिकारी अतुल कुमार, जनगणना कार्य निदेशालय लखनऊ से ए. के. राय, संयुक्त निदेशक अभिमन्यु सिंह, उपनिदेशक एवं जिला प्रभारी जनगणना प्रदीप कुमार, उत्कर्ष पांडेय, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित ग्रेटर नोएडा और यीडा प्राधिकरण के चार्ज अधिकारी तथा तहसीलों के अधिकारी उपस्थित रहे।
