हरियाली घटाने और फैसिलिटी भूमि पर प्लॉट आवंटन का किसान सभा ने किया विरोध, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से की शिकायत
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण द्वारा ग्रीन बेल्ट में लगातार कटौती और फैसिलिटी के लिए छोड़ी गई जमीन पर प्लॉट आवंटन के विरोध में किसान सभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने प्राधिकरण के सीईओ एन. जी. रवि कुमार और एसीईओ श्रीलक्ष्मी से मुलाकात कर इस मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया।
बैठक के दौरान किसान सभा के पदाधिकारियों ने अधिकारियों को अवगत कराया कि प्राधिकरण किसान आबादी में सार्वजनिक सुविधाओं के लिए छोड़ी गई फैसिलिटी भूमि पर भी प्लॉट आवंटित कर रहा है, जबकि यह जमीन स्थानीय निवासियों के सामुदायिक उपयोग के लिए निर्धारित होती है। इसके अलावा प्राधिकरण लगातार ग्रीन बेल्ट में कटौती कर रहा है, जिससे क्षेत्र में हरियाली का दायरा घटता जा रहा है।
किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि लगातार कम होती हरियाली से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, क्योंकि क्षेत्र में पहले से ही प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण ग्रीन बेल्ट को छोटा कर हरियाली को समाप्त कर रहा है, जो चिंता का विषय है।
जिला प्रवक्ता जगबीर नंबरदार ने कहा कि प्राधिकरण किसान आबादी के प्लॉटों को पहले ही दोयम दर्जे के रूप में विकसित करता है और अब पूर्व में सार्वजनिक सुविधाओं के लिए छोड़ी गई जमीन पर भी प्लॉट आवंटित किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण अपने मास्टर प्लान के मानकों का भी पालन नहीं कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई नहीं रोकी गई तो किसान सभा हरियाली और जनसुविधाओं को बचाने के लिए व्यापक स्तर पर आंदोलन शुरू करेगी।
इस पर प्राधिकरण के सीईओ एन. जी. रवि कुमार ने आश्वासन दिया कि सभी मामलों को गंभीरता से संज्ञान में लिया जाएगा और किसानों तथा स्थानीय नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय किया जाएगा।
बैठक में जगबीर नंबरदार, गवरी मुखिया, संदीप भाटी, अजयपाल भाटी, सुरेंद्र पंडित, बुधपाल यादव, सुरेश यादव, अशोक भाटी, सचिन भाटी, गुरप्रीत सिंह, राहुल नागर, मुकुल यादव, सूले यादव, सुशील सुनपुरा, मुकेश खेड़ी सहित बड़ी संख्या में किसान सभा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
